हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा/मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों के बीच सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जांजगीर-चांपा में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और कलेक्टोरेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया गया।
बैरिकेडिंग लगाकर रोका गया प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कलेक्टर कार्यालय के अंदर जाने से रोकने के लिए प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। अधिकारियों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप से ज्ञापन प्राप्त किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर कार्रवाई की मांग
राजेश अग्रवाल ने निर्वाचन आयोग के फैसलों को लेकर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इस मामले में गिरफ्तारी की मांग भी रखी।
विधायक ने कहा- मताधिकार के मुद्दे पर जारी रहेगा आंदोलन
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि कांग्रेस मताधिकार और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग में अन्य आयुक्तों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर फैसले लिए जा रहे हैं।
उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ उनके निर्णयों की उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।






