दुर्ग में लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही युवती की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर मिला शव

हसदेव टाइम्स/भिलाई/राजनांदगांव/फांसी के फंदे पर मिला शव

मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, शंकर नगर दुर्ग निवासी अंजली जगदीश घोड़ेश्वर पिछले करीब दो वर्षों से CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले ही दोनों शंकर नगर गली नंबर-10 स्थित एक किराए के मकान में रहने आए थे।

बताया जा रहा है कि अंजली का शव मकान में सीढ़ियों के ऊपर मिला। घटना की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल सामने आए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और फांसी लगाने की घटना किस तरह हुई।

घटना के बाद मोहन नगर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने युवती के साथ रहने वाले CISF जवान, मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

मोहन नगर थाना प्रभारी केशवराम कोसले के मुताबिक, युवती द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें