आधी रात सड़क पर बर्थडे पार्टी, आतिशबाजी और रील का वीडियो वायरल; बिलासपुर पुलिस ने दर्ज की FIR

हसदेव टाइम्स/बिलासपुर/ रिवर व्यू रोड पर कार खड़ी कर मनाया था जन्मदिन, रायपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल से जुड़ा है मामला

बिलासपुर। सार्वजनिक सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने, केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि वीडियो बिलासपुर के रिवर व्यू रोड का है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले का संबंध रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल से बताया जा रहा है। शुरुआती दौर में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटना बिलासपुर की निकली।

कार की डिक्की में केक रखकर बनाई रील

वायरल वीडियो में सड़क पर खड़ी कार की डिक्की खुली दिखाई देती है। उसमें केक और जन्मदिन का टैग रखा हुआ है। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी की तैयारी करता नजर आ रहा है।

रात करीब 1 बजे सड़क पर चल रहा था सेलिब्रेशन

पुलिस के मुताबिक, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इससे यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रायपुर में पदस्थ हैं नायब तहसीलदार

नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर वीडियो को पहले रायपुर का बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस जांच में जन्मदिन मनाने की घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की सामने आई।

सड़क पर जश्न मनाने को लेकर पहले भी सख्त निर्देश

सार्वजनिक सड़क पर केक काटने, आतिशबाजी करने और यातायात बाधित करने जैसी घटनाओं को लेकर हाईकोर्ट पहले भी सख्त रुख अपना चुका है। ऐसे मामलों में कार्रवाई और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में राज्य सरकार और पुलिस को निर्देश दिए गए थे।

फिलहाल, सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें