हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा/शिवरीनारायण में मेले के दौरान खूनी विवाद, दो युवकों को चाकू जैसे हथियार से किया घायल,
शिवरीनारायण में गुरुवार रात दुर्गा उत्सव मेले के दौरान चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। मेला घूमने पहुंचे दो युवकों पर हमला किए जाने से वे घायल हो गए। घायलों की पहचान ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज यादव और करण यादव के रूप में हुई है। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मेला घूमने के दौरान युवकों के बीच हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, क्रेमराज यादव अपने दोस्त करण यादव के साथ शिवरीनारायण में आयोजित दुर्गा उत्सव और मेला घूमने आया था। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने जेब में रखे चाकू जैसे हथियार से क्रेमराज और करण पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में दोनों युवक घायल हो गए। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। मेले के दौरान हुई इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
चार संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमला किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






