जांजगीर-चांपा:तहखाने और गुप्त कमरों में छिपा था शराब का जखीरा, 184 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा/तहखाने और गुप्त कमरों से 184 लीटर शराब बरामद

2 अक्टूबर के शुष्क दिवस से पहले अकलतरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वार्ड नंबर 12 स्थित एक मकान में दबिश देकर तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी गई करीब 184 लीटर शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 88 हजार 550 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में टेकूलाल बंजारे (41), निवासी गुरुघासीदास मोहल्ला, अकलतरा को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से देशी प्लेन, मसाला शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर सहित अलग-अलग ब्रांड की शराब मिली है।

शुष्क दिवस पर खपाने की थी तैयारी

पुलिस को 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी ने 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस को ध्यान में रखते हुए बड़ी मात्रा में शराब अपने घर में छिपाकर रखी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी के मकान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के तहखाने और गुप्त रूप से बनाए गए कमरों में शराब का स्टॉक मिला। पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज

अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस को देखते हुए जिले में अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Leave a Comment

और पढ़ें