जांजगीर-चांपा : कटरा जंगल में 1000 लीटर अवैध डीजल पकड़ा, 3 आरोपी गिरफ्तार

हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा/ टैंकर में छिपाकर ले जा रहे थे 15 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में डीजल परिवहन के लिए इस्तेमाल पिकअप और आगे चल रही आर्टिगा कार भी जब्त की गई

बलौदा-अकलतरा पुलिस ने कटरा जंगल में कार्रवाई करते हुए करीब 1000 लीटर अवैध डीजल जब्त किया है। आरोपी डीजल को पिकअप के पीछे बनाए गए लोहे के टैंकर में छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डीजल परिवहन में इस्तेमाल पिकअप और आगे चल रही आर्टिगा कार भी जब्त की गई। जब्त डीजल और दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक CG-15-DL-6268 में अवैध डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 चल रही थी। सूचना के आधार पर एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटरा जंगल में घेराबंदी की।

जांच के दौरान पिकअप में बने लोहे के टैंकर से करीब 1000 लीटर डीजल बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपए बताई गई है।

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस के अनुसार वाहन में सवार नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड और रामनरेश प्रजापति डीजल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

15 लाख की संपत्ति जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने भीमसिंह गोंड के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत का पिकअप और 1 लाख रुपए का डीजल जब्त किया। वहीं नरेश कुमार भारती के कब्जे से करीब 9 लाख रुपए कीमत की आर्टिगा कार बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने डीजल और दोनों वाहनों समेत करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।

बरामद डीजल को पिकअप के टैंकर में ही सीलबंद कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें