हसदेव टाइम्स / जांजगीर-चांपा। सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी तक पहुंचने में जांजगीर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला। पुलिस ने नैला निवासी क्रांति राठौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का करीब 20 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
मामला बनारी क्षेत्र का है। प्रार्थी शुभ्रकांत पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर को सुबह वह अपने निजी काम से जांजगीर गए थे। दोपहर में घर लौटने पर पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर अलमारी का ताला भी टूटा था और उसमें रखे चांदी के आभूषण, सिक्के, राधा-कृष्ण की मूर्ति और नगदी रकम गायब थी। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 749/26 दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर क्रांति राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। उसके बताए अनुसार पुलिस ने चांदी के पायल, राधा-कृष्ण की मूर्ति, चांदी का सिक्का, टाइटन की घड़ी, डिजिटल घड़ी, सिक्के और नगदी रकम बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर और आरक्षक भीम श्रीवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






