हसदेव टाइम्स । दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी पार करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। एनीकट से बाइक लेकर गुजर रहा एक युवक तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर नदी में गिर गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया।

तेज बहाव में बाइक समेत नदी में गिरा युवक
घटना रानितराई थाना क्षेत्र के पाटन अंतर्गत ओदरागहन की बताई जा रही है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र कुमार बाइक से खारून नदी के एनीकट को पार कर रहा था। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नदी में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
SDRF और डीप डाइवर्स ने चलाया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही रानितराई थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद प्रशिक्षित डीप डाइवर्स ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल रानितराई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






