सक्ती : माह की बच्ची की संदिग्ध मौत, पानी के ड्रम में मिला शव; नाबालिग माता-पिता गिरफ्तार

हसदेव टाइम्स/सक्ती/जिले में तीन माह की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्ची का शव घर के आंगन में रखे पानी के ड्रम से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले की जांच के बाद बच्ची के माता-पिता को गिरफ्तार किया है। दोनों नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।

रात में बिस्तर से गायब हुई बच्ची

पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर की रात की है। परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे बच्ची के पिता ने परिजनों को बताया कि उनकी तीन माह की बेटी बिस्तर से गायब है। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने घर, आंगन और खेतों सहित आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

सुबह पानी के ड्रम में मिला शव

अगली सुबह करीब 7:30 बजे बच्ची की दादी पानी लेने आंगन में पहुंचीं। पानी के ड्रम को देखने पर उसके अंदर बच्ची का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

बीमारी और आर्थिक परेशानी की बात आई सामने

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची जन्म के बाद से अक्सर बीमार रहती थी। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के इलाज और परिवार की आर्थिक परेशानियों को लेकर माता-पिता तनाव में थे। जांच के दौरान बच्ची की मौत में माता-पिता की भूमिका सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच

सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के साथ जांच शुरू की। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें