UP से नशीली दवाओं का सप्लायर गिरफ्तार, 19 लाख की दवाओं के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हसदेव टाइम्स/बिलासपुर /नशीली दवाओं का सप्लायर UP से गिरफ्तार

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई के मामले में पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मथुरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सीपत पुलिस ने इससे पहले ग्राम गुड़ी में दबिश देकर नशीली दवाओं की बिक्री करने के आरोप में उग्रसेन सेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा लोनिया को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से करीब 19 लाख रुपए कीमत की प्रतिबंधित दवाएं और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे।

पूछताछ के दौरान पुलिस को दवाओं के सप्लायर के संबंध में जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम उत्तरप्रदेश के मथुरा पहुंची और गोविंद नगर में घेराबंदी कर राहुल अग्रवाल पिता महेश चंद अग्रवाल, उम्र 46 वर्ष, को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने नशीली दवाओं की सप्लाई करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर मथुरा न्यायालय में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपी को बिलासपुर लेकर पहुंची और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें