पामगढ़ में ब्लैकमेलिंग का मामला उजागर, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे थे ₹10 हजार; आरोपी गिरफ्तार

हसदेव टाइम्स/जांजगीर/पामगढ़/अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी को 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार, थाना पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 

 

थाना पामगढ़ क्षेत्र में एक युवती को नहाते समय बनाए गए निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रूपेश भारती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता के नहाते समय चुपके से उसके निजी फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से 10 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से पीड़िता ने आरोपी को पैसे दे दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे लगातार परेशान करता रहा। पैसे नहीं देने पर वह पीड़िता के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी भी देता था।

लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 77, 79 एवं 308(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना पामगढ़ पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक भुनेश्वर पटेल एवं आरक्षक सीताराम सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को परेशान करने के मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें