नैला दुर्गोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, घंटों जाम में फंसी एम्बुलेंस; यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

हसदेव टाइम्स/जांजगीर/मां के दर्शन को उमड़ी भीड़, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था हुई ध्वस्त; जाम में फंसी एम्बुलेंस ने बढ़ाई चिंता,

नैला में दुर्गोत्सव के दौरान मां दुर्गा के दर्शन और आकर्षक पूजा पंडालों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही के बीच शहर की यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। 14 अक्टूबर की देर रात तक मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम में फंसी गंभीर मरीज को ले जा रही एम्बुलेंस

यातायात अव्यवस्था का सबसे चिंताजनक मामला कचहरी चौक से नेताजी चौक जाने वाले मार्ग पर सामने आया, जहां जाम के कारण एक एम्बुलेंस काफी देर तक फंसी रही। एम्बुलेंस में गंभीर मरीज सवार था और उसे समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद जरूरी था। इसके बावजूद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार के चलते एम्बुलेंस को आगे बढ़ने में परेशानी हुई।

इमरजेंसी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की जरूरत

दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना पहले से रहती है। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने के साथ एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना जरूरी है। लेकिन भीड़ के बीच इमरजेंसी वाहनों के लिए अलग मार्ग या ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था नहीं होने से ऐसी स्थिति में मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।

यातायात प्रबंधन को लेकर उठ रहे सवाल

नैला में दुर्गोत्सव के दौरान उमड़ रही भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, वाहनों की आवाजाही का बेहतर प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था से जाम की समस्या को कम किया जा सकता है।

धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं का रास्ता खुला रखना भी बेहद जरूरी है, ताकि किसी गंभीर मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी न हो।

Leave a Comment

और पढ़ें