हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा/CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आम आदमी पार्टी ने जांजगीर-चांपा में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की।
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। पार्टी का दावा है कि देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 13.47 करोड़ नाम हटाए गए, जिसकी निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत कश्यप ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला महासचिव विनय गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 का हवाला देते हुए भी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की।
पार्टी ने ज्ञापन में मांग रखी कि CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए और SIR के तहत हटाए गए नामों की स्वतंत्र जांच कराई जाए। इसके साथ ही पिछले दो वर्षों में हुए चुनावों की मतदाता सूचियों का ऑडिट कराने तथा पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की मांग भी की गई।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों को तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मत मंजूरी से लिया गया बताया है। आयोग के अनुसार, SIR के दौरान चिन्हित मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया भी जारी है।
प्रदर्शन में लोकसभा प्रभारी ललित बघेल, लोकसभा महासचिव राजेश पुरी गोस्वामी, जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत कश्यप, विनय गुप्ता, प्रेम नारायण पांडेय, रवि यादव, बीना पटेल, राहुल राय, दुजराम कुर्रे, भागवत साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






