बीजापुर के जंगल में मिला हथियारों का गुप्त ठिकाना, AK-47 समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद

हसदेव टाइम्स/छत्तीसगढ़/जंगल में मिला हथियारों का गुप्त ठिकाना, AK-47 समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद

सुरेश परतागिरी, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ क्षेत्र के उतला जंगल में जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार डंप बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। सूचना मिलने के बाद भैरमगढ़ थाना पुलिस और डीआरजी (District Reserve Guard) की टीम को उतला गांव के जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया।

सर्चिंग के दौरान जवानों को एक स्थान संदिग्ध नजर आया। तलाशी लेने पर जमीन के नीचे हथियार और जिंदा कारतूस छिपाकर रखे जाने का पता चला। सुरक्षा के साथ नक्सली डंप को बाहर निकालकर बरामद किया गया।

डंप से बरामद हथियार और कारतूस

– 01 AK-47 रायफल
– 01 .315 बोर रायफल
– 01 सिंगल शॉट रायफल
– 01 9 एमएम पिस्टल
– 02 AK-47 मैगजीन
– 45 AK-47 जिंदा राउंड
– 25 नग 9 एमएम जिंदा राउंड
– 06 नग .315 बोर रायफल के जिंदा राउंड

बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाना लाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण बरामदगी माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें