पामगढ़ भाजपा में एक दिन में दो इस्तीफे, जिला मंत्री समेत दो पदाधिकारियों ने छोड़ी पार्टी

हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा/भाजपा को झटका! जिला मंत्री मनोज घोष और मीडिया प्रभारी ऋषभ योगी ने छोड़ी पार्टी

चंडीपारा/पामगढ़ मंडल भाजपा में एक ही दिन दो पदाधिकारियों के इस्तीफे से संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भाजपा जिला मंत्री मनोज घोष और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मीडिया प्रभारी ऋषभ नाथ योगी ने अपने पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने जिला नेतृत्व को भेजे त्यागपत्र में पारिवारिक कारणों को इस्तीफे की वजह बताया है।

18 वर्षों से संगठन में सक्रिय थे मनोज घोष
अनुसूचित जाति मोर्चा से जुड़े मनोज घोष ने पार्टी की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के बाद अपना इस्तीफा सौंपा। अपने जवाब में उन्होंने नगर पंचायत पामगढ़ अध्यक्ष पद के टिकट, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद प्रत्याशी चयन, मंडल अध्यक्ष चुनाव और एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर अपनी दावेदारी की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया था। घोष ने कहा था कि लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहने के बावजूद उनकी दावेदारी पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।

ऋषभ नाथ योगी ने भी छोड़ा पद और प्राथमिक सदस्यता
वहीं, राहौद निवासी ऋषभ नाथ योगी ने भी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मीडिया प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है। योगी ने अपने त्यागपत्र में पारिवारिक समस्या को कारण बताया है।

एक ही दिन जिला मंत्री स्तर के पदाधिकारी समेत दो नेताओं के इस्तीफे के बाद पामगढ़ मंडल भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दोनों नेताओं के इस्तीफे के पीछे अलग-अलग कारण बताए गए हैं, जबकि मनोज घोष के पुराने पत्र में संगठनात्मक निर्णयों को लेकर असंतोष भी दर्ज किया गया था।

Leave a Comment

और पढ़ें