हसदेव टाइम्स/जांजगीर/साउथ बिहार एक्सप्रेस में पानी के नाम पर मनमानी! 15 की बोतल के मांगे 20 रुपए
ट्रेनों में यात्रियों से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने के खिलाफ रेलवे के दावों के बीच साउथ बिहार एक्सप्रेस में ओवरचार्जिंग का मामला सामने आया है। ट्रेन के जनरल कोच में एक वेंडर ने 15 रुपए की रेल नीर की बोतल के लिए यात्री से 20 रुपए मांग लिए। यात्री के विरोध और टीसी से शिकायत के बाद वेंडर को अतिरिक्त 5 रुपए वापस करने पड़े।

जानकारी के अनुसार, यात्री चंदन पांडेय रविवार सुबह रायपुर से साउथ बिहार एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुए थे। करीब 9:30 बजे बिलासपुर और अकलतरा के बीच एक वेंडर उनके कोच में पानी बेचने पहुंचा। यात्री ने उससे रेल नीर की बोतल खरीदी, जिसकी निर्धारित कीमत 15 रुपए थी।
आरोप है कि वेंडर ने बोतल के बदले 20 रुपए मांगे। यात्री ने जब निर्धारित कीमत से अधिक पैसे लेने पर आपत्ति जताई तो वेंडर ने पानी ठंडा होने का हवाला देते हुए 20 रुपए लेने की बात कही।
मामला बढ़ने पर यात्री ने ट्रेन में मौजूद टीसी (टीटीई) से इसकी शिकायत की। टीसी के हस्तक्षेप के बाद वेंडर ने अपनी गलती स्वीकार की और यात्री को अतिरिक्त 5 रुपए वापस कर दिए।
पूरी घटना का यात्री ने वीडियो बना लिया था। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यात्री का कहना है कि वेंडर शुरुआत में 20 रुपए लेने पर अड़ा था, लेकिन टीसी की सख्ती के बाद उसने निर्धारित कीमत ही ली और अतिरिक्त राशि वापस की।






