हसदेव टाइम्स/जांजगीर/सड़क पर मवेशियों का कब्जा, वाहन चालक परेशान; केरा रोड पर हर कदम हादसे का डर

शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल केरा रोड इन दिनों आवारा मवेशियों की वजह से राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क के कई हिस्सों में मवेशियों के झुंड घंटों डेरा जमाए रहते हैं। हालात ऐसे हैं कि करीब हर 50 मीटर के दायरे में सड़क पर मवेशी बैठे नजर आ जाते हैं।
मुख्य सड़क पर मवेशियों के बैठने से यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहन चालकों को अचानक रास्ता बदलकर निकलना पड़ता है। कई बार मवेशियों के आपस में लड़ने के दौरान वे अचानक वाहनों के सामने पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
दोपहिया चालक सबसे ज्यादा परेशान
केरा रोड से रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। मवेशियों को बचाने के प्रयास में दोपहिया वाहन चालक कई बार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर रहे हैं। इससे राहगीरों के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा लंबे समय से समस्या बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने नगर प्रशासन से आवारा मवेशियों को हटाने और उनके लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि केरा रोड पर यातायात सुरक्षित हो सके।






