हसदेव टाइम्स/ जांजगीर/आज जांजगीर में गूंजेंगे शहनाज अख्तर के भजन, ‘एक शाम मां के नाम’ में मेधावी विद्यार्थी भी होंगे सम्मानित,
नवरात्र की भक्ति, सांस्कृतिक परंपरा और समाजसेवा के संकल्प को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से हरि लीला ट्रस्ट, बनारी, नैला-जांजगीर द्वारा 16 अक्टूबर को ‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम मां के नाम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय हाई स्कूल मैदान में शाम 7 बजे से आयोजित होने वाली इस भक्ति संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी सुमधुर आवाज से भक्तिमय समां बांधेंगी। खास बात यह है कि कार्यक्रम में सभी के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

भजन संध्या के साथ मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
इस आयोजन को खास बनाने के लिए भक्ति संगीत के साथ शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन को भी प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में राज्य के टॉप-10 में स्थान बनाने वाले जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये की नकद सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना और अन्य युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि
भक्ति संध्या में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
जन्मदिन को जनसेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने की पहल
हरि लीला ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया और सचिव अमर सुल्तानिया ने बताया कि जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय इसे जनहित, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ प्रतिभाओं को सम्मान देने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भक्ति संगीत, मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति के बीच यह आयोजन शहर में सांस्कृतिक उत्साह का केंद्र बनने जा रहा है।





