चांपा दशहरा होगा खास, जया प्रदा और अनुज शर्मा की रहेगी मौजूदगी

हसदेव टाइम्स/जांजगीर चांपा/चांपा में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा, 50 फीट के रावण का होगा दहन

विजयादशमी पर्व को लेकर चांपा में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के भालेराव मैदान में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार 50 फीट ऊंचे रावण के साथ 35 फीट के कुंभकरण और 30 फीट के मेघनाथ के पुतलों का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा।

जया प्रदा और अनुज शर्मा होंगे शामिल

दशहरा उत्सव में अभिनेत्री जया प्रदा की मौजूदगी खास आकर्षण रहेगी। उनके कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी के बाद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। आयोजन समिति की ओर से उनके स्वागत की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वहीं अभिनेता एवं कलाकार अनुज शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी से आयोजन में छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

राम दरबार की झांकी और आतिशबाजी बनेगी आकर्षण

कार्यक्रम में राम दरबार की भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही मंच को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। रावण दहन के बाद भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समिति द्वारा धार्मिक परंपरा के साथ छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का समन्वय करने की तैयारी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर होगा लाइव प्रसारण

आयोजन समिति के अनुसार रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। दहन के लिए तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम का यूट्यूब, फेसबुक सहित सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण करने की तैयारी है, ताकि चांपा से बाहर रहने वाले लोग भी घर बैठे कार्यक्रम से जुड़ सकें।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर रहेगा फोकस

बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जा रही है। दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करने की भी तैयारी है। समिति को उम्मीद है कि 20 अक्टूबर को भालेराव मैदान में होने वाला दशहरा उत्सव शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें