हसदेव टाइम्स/बिलासपुर/चांपा/त्योहार पर यात्रियों को राहत, चलेगी स्पेशल ट्रेन
नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा के त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए बिलासपुर और चांपा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के मुताबिक यह ट्रेन 16 से 20 अक्टूबर तक संचालित होगी और दोनों स्टेशनों के बीच रोजाना तीन फेरे लगाएगी।

त्योहारी सीजन में बिलासपुर से चांपा के बीच यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। खासकर नैला स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ने की संभावना है। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन से स्थानीय यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान उठी थी मांग
बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में रायगढ़ से चांपा तक निरीक्षण किया था। इसी दौरान जांजगीर चैंबर के पदाधिकारियों ने दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग रखी थी।
त्योहारी भीड़ या किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए 16 से 20 अक्टूबर तक नैला स्टेशन पर एक मेमू रेक खड़ा रखने का भी प्रस्ताव है। जरूरत पड़ने पर इसे कम समय की सूचना पर यात्रियों के लिए चलाया जा सकेगा।
बिलासपुर से चांपा के बीच तीन फेरे
पहला फेरा: बिलासपुर से शाम 4 बजे रवाना होकर शाम 5:05 बजे चांपा पहुंचेगी।
दूसरा फेरा: बिलासपुर से शाम 7 बजे चलेगी और रात 8:10 बजे चांपा पहुंचेगी।
तीसरा फेरा: बिलासपुर से रात 9:50 बजे रवाना होकर रात 11 बजे चांपा पहुंचेगी।
चांपा से बिलासपुर वापसी का समय
पहला फेरा: चांपा से शाम 5:20 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
दूसरा फेरा: चांपा से रात 8:25 बजे चलेगी और रात 9:35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
तीसरा फेरा: चांपा से रात 11:10 बजे रवाना होकर रात 12:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से बिलासपुर, नैला, जांजगीर और चांपा क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।






