बनारी के मकान में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने दबिश देकर 9 जुआरियों को पकड़ा

हसदेव टाइम्स/जांजगीर-चांपा। ग्राम बनारी में मकान के अंदर चल रहे जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 लाख 28 हजार 420 रुपए नकद, ताश की पत्तियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारी में मेन रोड से अंदर स्थित एक मकान में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए मकान की घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को वहां 9 लोग जुआ खेलते हुए मिले। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4,28,420 रुपए नकद और ताश की पत्तियां सहित अन्य सामान बरामद किया गया।

अलग-अलग वार्डों के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने मौके से भैरव मिश्रा उर्फ मोगली (44), अखिलेश राठौर (36), रामनारायण राठौर (55), धीरज पाठक (42), राहुल बजाज (37), तालिब खान (40), अविनाश राठौर (39), मुकेश बजाज (45) और कृष्ण कुमार चंद्र (38) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जांजगीर-नैला क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों के निवासी बताए गए हैं।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मकान मालिक की भूमिका की जांच जारी

जिस मकान में जुआ फड़ संचालित हो रहा था, उसके मालिक की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान यदि मकान मालिक की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।

Leave a Comment

और पढ़ें