रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच (फोर्ट्रेस चेक) अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 245 मामले दर्ज किए गए और 2,08,940 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर 30 जून को चलाए गए इस अभियान में रायपुर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 18 ट्रेनों में सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 158 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे 1,48,555 रुपये वसूले गए।
इसके अलावा 72 यात्रियों को अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे 55,635 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 12 यात्रियों से निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने पर 1,750 रुपये और स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 3 यात्रियों से 3,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली नहीं, बल्कि यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना भी है। अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में किया गया। इसमें दो मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, तीन वाणिज्य निरीक्षक, 15 टिकट जांच कर्मी तथा दो आरपीएफ जवान शामिल रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैध टिकट तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। साथ ही रेल परिसर और ट्रेनों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाया जा सके और यात्रियों में नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़े।







