ई-रिक्शा बंद करने वाले बीएटी-बीएमएस और अन्य ऐप्स पर सरकार ने लगाया प्रतिबंध

नईदिल्ली । केंद्र सरकार ने बीएटी-बीएमएस और इपोच ली-आयन नाम के दो मोबाइल ऐप्स को गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर से हटाने का आदेश दिया है। इन ऐप्स के जरिए दिल्ली में कई ई-रिक्शा को दूर से बंद किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। सरकार का कहना है कि इनका गलत इस्तेमाल लोगों को परेशानी में डाल रहा था। इसी वजह से इन ऐप्स को हटाने का फैसला लिया गया, ताकि ऐसे मामलों पर रोक लगाई जा सके। ये दोनों ऐप ब्लूटूथ के जरिए लिथियम-आयन बैटरी से जुड़ते हैं और बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम को नियंत्रित करते हैं। कुछ लोग इनका इस्तेमाल मजाक के नाम पर सड़क पर चल रही ई-रिक्शा को अचानक बंद करने के लिए कर रहे थे। ऐप खोलकर पास की बैटरी से कनेक्ट होते ही डिस्चार्ज विकल्प दबाया जाता था, जिससे गाड़ी बीच रास्ते में रुक जाती थी और चालक परेशान हो जाता था।अधिकारियों के अनुसार, ये ऐप बैटरी का वोल्टेज, तापमान और करंट जैसी जानकारी देखने के लिए बनाए गए थे। लेकिन इनमें मजबूत पासवर्ड या पहचान की व्यवस्था नहीं होने के कारण कोई भी व्यक्ति आसानी से बैटरी से जुड़ सकता था। इसके बाद वह बैटरी की पावर बंद कर देता था। इससे ई-रिक्शा अचानक रुक जाती थी और ड्राइवर को दोबारा ऐप के जरिए ही गाड़ी चालू करनी पड़ती थी।इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि ऐसे ऐप्स आम लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। इसलिए इन्हें दोनों बड़े ऐप स्टोर से हटाने का निर्देश दिया गया है। सरकार अब यह भी सुनिश्चित करना चाहती है कि भविष्य में ऐसे किसी ऐप का गलत इस्तेमाल न हो। साथ ही बैटरी सिस्टम में बेहतर सुरक्षा और ऑथेंटिकेशन व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें