मानसून की दस्तक से खेती तेज, 4.77 लाख हेक्टेयर में बुवाई

रायपुर। प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के साथ ही खरीफ सीजन की बुवाई ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक 4.77 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो इस साल के 48.69 लाख हेक्टेयर लक्ष्य का करीब 10% है।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को किसानों को मांग के अनुरूप खाद-बीज उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग के अनुसार किसानों को अब तक 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं।

 

प्रदेश में 2 जुलाई तक औसतन 96.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके मुकाबले 13.16 लाख टन का भंडारण किया जा चुका है।

 

किसानों को फसलों के लिए अल्पकालीन कृषि ऋण भी तेजी से दिया जा रहा है। 30 जून तक 5525 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 4517 करोड़ रुपए था। इस वर्ष 8800 करोड़ रुपए के कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें